लुधियाना के हैबोवाल चौक के पास शराब के ठेके में रविवार की रात को कारिंदे से साढ़े 12 हजार रुपये लूटने के मामले में थाना डिविजन आठ की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बाइक और चार हजार रुपये बरामद किए है।
वारदात को अंजाम देने वालों में पुलिस कांस्टेबल का बेटा भी शामिल है। इस मामले में पुलिस लाइन में रहने वाले पंजाब पुलिस के कांस्टेबल के बेटे प्रिंस और घुमारमंडी निवासी सचिन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एडीसीपी 3 गुरप्रीत कौर पुरेवाल और एसीपी सिविल लाइन अंकुर गुप्ता ने बताया कि रविवार की शाम को हैबोवाल चौक के पास स्थित शराब के ठेके पर बोतल खरीदने के लिए आए दो बाइक सवार युवकों ने दराज से 12 हजार 500 रुपये लूट लिए थे।
जब पुलिस की टीम ने जांच शुरू की तो पुलिस को आरोपियों के बाइक का नंबर मिला। नंबर की मदद से पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी सचिन और प्रिंस के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज है।
दोनों आरोपी नशे के आदी है। सचिन दस दिनों पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। वह पहले से प्रिंस के संपर्क में था। बाहर आते ही उसने प्रिंस से मुलाकात शुरू की और फिर वारदातें शुरू कर दी।
उन्हें नशा चाहिए था, इसलिए पहले उसने किसी से पैसे उधार लेकर नशा किया। फिर उसे पैसे देने के लिए नहीं थे। इसलिए अपने साथी प्रिंस के साथ मिलकर सचिन ने शराब ठेके पर 12 हजार 500 की लूट की। इसके बाद आरोपियों ने उधारी अदा की। बाकी बचे चार हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।