नकारा कहें या लापरवाही, पर हद है कि मारपीट और हत्या करने के दो आरोपी पुलिस वालों को चकमा देकर फरार हो गए। मामला पंजाब के अबोहर का है। फिरोजपुर सेंट्रल जेल में बंद दो आरोपी बुधवार दोपहर करीब सवार 12 बजे अबोहर न्यायिक परिसर के बाहर पुलिस मुलाजिमों को चकमा फरार हो गए। घटना का पता चलते ही पुलिस ने चारों ओर नाकाबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भी दोनों का सुराग नहीं लगा।
मामले की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख डा. केतन बलिराम पाटिल ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की। फरार हुए आरोपियों के साथ भीम हत्याकांड के दो आरोपी भी पेशी पर आए थे। जानकारी के अनुसार एएसआई निर्मल सिंह व हेड कांस्टेबल कुलविंद्र सिंह दो होमगार्ड जवानों के साथ फिरोजपुर जेल से चार कैदियों को पेशी भुगताने के लिए अबोहर लेकर आए थे।
इनमें मारपीट व हत्या के मामले में नामजद अमृतपाल सिंह पुत्र बलजीत सिंह निवासी खुईखेड़ा रुकनपुर, रणजीत सिंह उर्फ राणा पुत्र अनूप सिंह निवासी ढाणी विशेषरनाथ के अलावा भीम हत्याकांड में नामजद हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी पुत्र कुलवीर सिंह व कन्नू पुत्र पोखराम सोनी भी शामिल थे। पुलिस टीम चारों आरोपियों के साथ तहसील परिसर के सामने वाहन से उतरी। इसी बीच अमृतपाल पहले से ही खड़े एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार होने लगा।
जब पुलिस पार्टी ने उसका पीछा करना चाहा तो रणजीत भी फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने दो अन्य आरोपियों हैरी और कन्नू की सुरक्षा मजबूत करते हुए तलाशी शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में जिला पुलिस प्रमुख डा. पाटिल भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
फरार हुए आरोपी अमृतपाल सिंह व रणजीत सिंह पर वर्ष 2015 में गांव खुईखेड़ा रुकनपुरा निवासी कर्मजीत कौर पत्नी हरपिंद्र सिंह के बयानों पर थाना बहाववाला में आईपीसी की धारा 451, 506, 148, 149 का केस और अप्रैल 2016 में थाना नंबर 2 में हत्या का मामला दर्ज है। इस बारे में जिला पुलिस प्रमुख ने बताया घटना के बाद पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। जांच में पुलिस टीम की लापरवाही सामने आई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।