जोहलूवाल के पास बुधवार देर रात नीली बत्ती कार में आए लुटेरों को पंचकूला पुलिस के सीआईए स्टाफ टू ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों ने बॉर्नवीटा से भरा ट्रक लूट लिया था।
उन्होंने पहले रौब दिखाकर ड्राइवर से कागजात मांगे, फिर बात करने के लिए ट्रक को मानकपुर ठाकुरदास के साथ लगते जंगल में ले गए। वहां लुटेरों ने ट्रक चालक के हाथ बांध दिए और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। लुटेरों ने उस पर देशी कट्टा तान रखा था।
लुटेरों ने ड्राइवर की जेब से 1800 रुपये भी निकाल लिए और बाद में ट्रक लेकर फरार हो गए। कैडबरी कंपनी बद्दी से जीरकपुर गोदाम के लिए निकले ड्राइवर ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूटपाट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सात आरोपियों सरगना सुरेंदर सिंह, शमशेर सिंह, बलजीत, बलबीर, अमरजीत, कुलदीप और गुरदेव को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें आरोपियों से एक टवेरा, एक ट्रक एवं एक देसी कट्टा बरामद किया है।