दो युवकों ने खुद को भाजपा नेता सुभाष बराला का भतीजा बताकर नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों को खूब धमकाया, ट्रांसफर की धमकी भी दे डाली। मामला पंचकूला जिले का है। ट्रैफिक पुलिस ने सेक्टर-10/5 के गोल चक्कर (तवा चौक) पर नाका लगा रखा था। इसी दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को देखा और एएसआई कुलदीप ने उनको रुकने का इशारा किया।
बाइक रुकी तो पुलिस ने कागजात चेक करवाने को कहा, लेकिन दोनों युवक भड़क गए और बोले हम टीवी चैनल के पत्रकार हैं। इसके बाद भी कर्मियों ने कागज दिखने को कहा तो उन्होंने खुद को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला का भतीजा बताया। लेकिन जब पुलिस कर्मियों ने चालान भरना शुरू किया तो युवकों ने धमकाया कि यदि चालान किया तो सुबह पंचकूला में नहीं मेवात में ड्यूटी करते नजर आओगे।
युवकों ने धमकी दी कि यदि चालान करना है तो पहले मौके पर एसपी या फिर डीएसपी को बुलाओ। वही हमारा चालान करें।