मोती नगर इलाके में स्थित राजीव गांधी कॉलोनी में बुधवार देर रात को चार अज्ञात लोगों ने अपने कमरे में बेटे के साथ सो रहे पिता पर तेजाब फेंक दिया।
इस दौरान साथ में सो रहा उसका बेटा बाल-बाल बच गया। तेजाब से झुलसा हुआ व्यक्ति चिल्लाते हुए कमरे से बाहर आया और सीधे बाहर इकट्ठा हो रखे बारिश के पानी पर जा गिरा। उसके ससुर ने उसे इलाज के लिए सीएमसी अस्पताल दाखिल कराया। सूचना मिलने के बाद थाना मोती नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
झुलसे व्यक्ति की पहचान सीता राम (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में चार अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं सीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन सीता राम की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सीता राम के ससुर मोहिंदर चौहान ने कहा कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला मोव का रहने वाला है। यहां पर वह पिछले काफी समय से रह रहा है और बिजली रिपेयरिंग का काम करता है। उसकी पत्नी संजू चौहान पिछले कुछ दिनों से गांव में एमए का पेपर देने के लिए गई हुई है।
उसका पांच वर्ष का बेटा विशाल चौहान उसी के पास यहां रह रहा था। बुधवार की देर रात लगभग एक बजे सीता राम अपने बेटे विशाल के साथ कमरे में सो रहा था।
इस दौरान चार लोग उसके कमरे में दाखिल हो गए। उस पर तेजाब डाल दिया। थाना मोती नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।