हरियाणा के पानीपत जिले में पानीपत-हरिद्वार रोड पर जलालपुर गांव स्थित गोरजा इंटरनेशनल फैक्टरी में चाचा-भतीजा समेत तीन कर्मियों की हत्या कर शवों को केमिकलयुक्त दूषित पानी के 16 फीट गहरे टैंक में फेंक दिया गया। इनमें दो ट्रैक्टर चालक और एक मेटेनेंस कर्मी था। हत्या का आरोप फैक्टरी मालिक समेत तीन पार्टनरों पर लगे हैं।
आरोप है कि मालिकों ने फैक्टरी में लगे करीब 44 कैमरों को रातोंरात हटा दिया और बाकी सबूत भी मिटा दिए। इससे गुस्साए मृतकों के परिजनों ने रविवार को फैक्टरी और सिविल अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने बताया कि इस्लाम और कुरबान से पिछले दिनों फैक्टरी मालिक ने ओवरटाइम कराया था, लेकिन उस हिसाब से तनख्वाह नहीं दी गई। इसे लेकर हुए विवाद के बाद फैक्टरी मालिकों ने कई कर्मचारियों के साथ मिलकर 10-15 दिन पहले उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है।
तब उन्हें बताया गया कि इस्लाम, कुरबान और सुरेश की फैक्टरी के केमिकलयुक्त दूषित पानी में डूबने से मौत हो गई है। टैंक के आसपास हाथ पैर के निशान बने हुए थे। उन्होंने आशंका जताई कि फैक्ट्री मालिकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस्लाम और कुरबान की पहले हत्या की। इस दौरान सुरेश ने आरोपियों को देख लिया। ऐसे में साक्ष्य मिटाने के लिए उसे भी टैंक में फेंक दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने फैक्ट्री के तीनों पार्टनर नवीन, विष्णु और सौरभ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
दो घंटे की मशक्कत के बाद शव निकाला गया, परिजनों ने एंबुलेंस में की तोड़फोड़
दमकलकर्मियों और परिजनों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शवों को सुबह लगभग सात बजे बाहर निकाला। इस दौरान परिजनों ने फैक्ट्री में जमकर हंगामा किया और आक्रोशित लोगों ने शवों को लेने आई एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की। परिजनों का आरोप है कि वे सुबह करीब चार बजे फैक्ट्री पहुंचे तो पुलिस मौके पर थी। पुलिसकर्मी शवों को बाहर निकालने के बजाय कार्रवाई में लगे थे। एएसपी मयंक मिश्रा और थाना प्रभारी सुनील कुमार ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित परिजनों को शांत कराया।
आरोप : दोनों ट्रैक्टर चालकों का अलग था रूटीन
परिजनों ने बताया कि इस्लाम और कुरबान फैक्ट्री के लिए अलग-अलग समय पर ट्रैक्टर चलाते थे। इन दोनों के समय में करीब एक घंटे का अंतराल था। वे हर रोज ट्रैक्टर फैक्ट्री में खड़ा कर जाते थे, लेकिन रविवार को दोनों ट्रैक्टर दूसरी तरफ स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़े मिले।