कपाल मोचन उधम सिंह चौक के पास गुरुवार देर रात बाइक सवार तीन युवकों की नीलगाय से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक 50 मीटर सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में तीनों युवक बुरी तरह से जख्मी हो गए। राहगीरों ने उन्हें संभाला और तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिलासपुर दाखिल कराया। जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।
गांव नागल पत्ती निवासी 20 वर्षीय साहिल खान अपने बुआ के लड़के अकरम निवासी चण्डीगढ़ व मित्र आशिक के साथ देर रात बाइक पर सवार होकर अपने गांव नागल पत्ती जा रहे थे। वे जैसे ही कपालमोचन उधम सिंह चौक के समीप पहुंचे, अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। हादसे में 22 साल के अकरम और साहिल ने दम तोड़ दिया।
तीसरे युवक आशिक का उपचार यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। इस दौरान आशिक की भी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना को लेकर गांव में शोक पसर गया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
रमजान के महीने में जहां परिवार के लोग रोजे रखे हुए थे, वहीं रात को तीन जवान मौत की सूचना से परिजनों का बुरा हाल है। मृतक साहिल के दो भाई और दो बहन हैं। वहीं अकरम का एक बड़ा भाई और बहन हैं। यह अकरम एक साल से अपनी बुआ के यहां रह रहा था।
-बाइक सवार तीन युवकों की नीलगाय से टक्कर हो गई थी। हादसे में तीनों की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
-सुनील बैनीवाल, एसएचओ बिलासपुर।