शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह लेकर आए। साथ ही सैंपल जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि महिला के दोनों हाथ कंधे के पास से काटे गए थे। बाकी धड़ के भी कई टुकड़े कर रखे थे। बड़ी बच्ची की गर्दन काट कर केवल धड़ यहां ड्रम में फेंका गया था।
हाथों पर तेजधार हथियार से वार के निशान मिले। छोटे बच्चे के कलाई के पास से हाथ ही मिले, जिस कारण अभी लिंग की पहचान नहीं हो सकी। शव के टुकड़ों को प्लास्टिक के जालीदार कट्टे में डालने के बाद ड्रम में डालकर फेंका गया था। पुलिस अधीक्षक ने खरक चौकी पुलिस के अलावा सदर थाना पुलिस और सीआईए टीम को भी अलग-अलग बिंदुओं पर जांच का जिम्मा सौंपा है। पूरी कार्रवाई पर स्वयं निगरानी रखे हुए हैं।
हत्या कहीं और कर शव यहां फेंके गए
जिस कट्टे के भीतर शव के टुकड़े डालकर ड्रम में यहां फेंका गया है, शुरुआती जांच में यही प्रतीत होता है कि हत्या कहीं और की गई है। आसपास कोई हथियार भी बरामद नहीं हुआ है। शव रोहतक से भिवानी के रास्ते में नेशनल हाईवे स्थित नहर किनारे बाई ओर मिले हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इनको गाड़ी में रोहतक की ओर से लाया गया है ठिकाने लगाने के लिए यहां फेंक गए।
एक महिला, करीब दस वर्षीय बच्ची और डेढ़-दो वर्ष के बच्चे के शव के टुकड़े सड़क किनारे खेतों में प्लास्टिक ड्रम के भीतर कट्टे से बरामद हुए हैं। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
-गंगाराम पुनिया, पुलिस अधीक्षक