अग्रवाल सभा के अध्यक्ष और व्यवसायी सतीश गोयल के बेटे विनय उर्फ विक्की से एक करोड़ की फिरौती मांगी गई है। न देने पर जाने से मारने की धमकी भी दी गई है। कुख्यात बदमाश नीरज बवाना के नाम पर फिरौती मांगी गई है। कॉल करके खुद को नीरज बवाना बताने वाले युवक के मोबाइल कॉल की डिटेल भी विनय के फोन में नहीं आई। विनय की शिकायत पर शहरी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। फिरौती मांगे जाने के बाद से गोयल परिवार में दहशत का माहौल है।
शहर के लक्ष्मी नगर निवासी सतीश गोयल गोहाना ट्रक यूनियन के अध्यक्ष रहे हैं। वह अब अग्रवाल सभा के अध्यक्ष हैं। उनकी एसके ऑटो मोबाइल्स के नाम से दुकान है। उनके बेटे विनय गोयल भी उनके साथ दुकान पर बैठते हैं। मंगलवार को विनय गोयल के पास दोपहर बाद 2 बजकर 10 मिनट पर फोन आया। फोन करने वाले ने हालचाल पूछा और फिर फोन डिस्कनेक्ट हो गया। उसके बाद 2 बजकर 11 मिनट पर दोबारा से फोन आया। विनय उसे उठा नहीं पाया।
तीसरी बार फोन 2 बजकर 14 मिनट पर आया। जिसे उठाने के बाद फोन करने वाले ने खुद को नीरज बवाना बताया। उसने विनय से एक करोड़ रुपये देने की मांग की। विनय ने उससे कहा कि उसके पास देने के लिए इतने पैसे नहीं हैं तो फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उनका ट्रांसपोर्ट का काम है। एक फैक्ट्री और पेट्रोप पंप है। वह पैसे न होने का नाटक न करे।
उसने विनय को कहा कि यह बताएं कि पैसे किस तारीख को देगा, अगर नहीं देगा तो उसे जान से मार दिया जाएगा। करीब सात मिनट बात करने के बाद फोन काट दिया गया। इस कॉल के बाद भी 6 बार कॉल आई, लेकिन विनय ने फोन नहीं उठाया। कई बार फोन करने के बाद भी उस फोन की कोई डिटेल नहीं आई, जिससे पुलिस की परेशानी बढ़ गई है।