हरियाणा के बहादुरगढ़ में नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रवि खत्री से व्हाट्सएप कॉल के जरिये धमकी देकर चौथ मांगी गई। फोन करने वाले ने कहा कि मैं अशोक प्रधान निलौठिया बोल रहा हूं, 50 लाख की मदद चाहिए, नहीं तो तेरी जगह चेयरमैन कोई और बनेगा। अब लाइनपार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रवि खत्री ने बताया कि रंगदारी व्हाट्सएप कॉल के जरिये मांगी गई। वह पहले नगर परिषद के चेयरमैन रहे हैं और वर्तमान में वार्ड नंबर-5 से पार्षद हैं। गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉलर ने कहा कि अशोक प्रधान निलोठिया बोल रहा हूं। उसने सोचा कि कानोन्दा से सरपंच अशोक बोल रहे हैं, जो उनके परिचित भी हैं।
खत्री ने पूछा कि कानोन्दा वाले प्रधान बोल रहे हैं तो सामने वाले ने कहा, नहीं, मैं अशोक प्रधान निलोठिया बोल रहा हूं। मदद चाहिए। खत्री ने पूछा कि किस बात की मदद तो सामने वाले ने कहा कि हमारे आदमी भी आपके परिचित हैं। भाईचारे में करेगा या विरोध करेगा। खत्री ने फिर पूछा क्या चाहिए तो वह बोला 50 लाख रुपये चाहिए। भाईचारे में कम भी हो सकते हैं, मगर नहीं दिए तो तेरी जगह चेयरमैन कोई और बनेगा और फोन काट दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रवि खत्री की शिकायत पर इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। जिस नंबर से व्हाट्सएप कॉल हुई है, उसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस इस संबंध में कई एंगल पर जांच को आगे बढ़ा रही है। जल्द ही पूरा मामला सुलझा लिया जाएगा। -कर्मबीर सिंह, प्रभारी लाइनपार थाना।