बुड़ैल की बिहारी मार्केट में सेक्टर 46 निवासी फाइनेंसर कर्ण उर्फ पहलवान पर देशी कट्टे से फायरिंग करने वाले तीसरे आरोपी को पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह पुलिस अब तक मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
बुडै़ल पुलिस चौकी इंचार्ज शिव चरण ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के जिला सोनीपत निवासी संदीप उर्फ चोटीवाला के रूप में हुई है। आरोपी को शनिवार जिला अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल कर लिया है। पुलिस पूछताछ में अब तक सामने आया है कि इस आरोपी ने देसी कट्टे से फाइनेंसर पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस को उससे वह देशी कट्टा भी बरामद करना है। इससे पहले पुलिस ने एक दोनाली बंदूक और उसके साथी हिमांशु उर्फ गुज्जर से बरामद की थी। साथ ही पुलिस ने तीसरे आरोपी वैभव से लोहे की रोड बरामद की थी। इन दोनों को पुलिस ने चार मार्च को गिरफ्तार किया था और इससे पहले 3 मार्च को फाइनेंसर पर जानलेवा हमला करवाने वाली उसकी पत्नी ऊषा व इस हमले की साजिश में शामिल जगतपुरा निवासी रवि व बलराम उर्फ लला को गिरफ्तार किया था। इस समय सभी आरोपी पांचों आरोपी बुड़ैल जेल में बंद है।
पुलिस जांच में सामने आया था कि फाइनेंसर कर्ण की पत्नी ने ही 75 हजार रुपये की सुपारी देकर उसको मरवाने की साजिश रची थी, क्योंकि उसका किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था। 22 फरवरी की रात करीब 10 बजे तीनों हमलावर आटो से आए और फाइनेंसर पर बुड़ैल में बीच बाजार तीन गोलियां गोलियां दागने के बाद आटो से ही फरार हो गए थे।