एमडीसी स्वास्तिक विहार स्थित सैमसंग मोबाइल के शोरूम में हाईटेक सिक्योरिटी सिस्टम को तोड़कर वीरवार अल सुबह चोर करीब चार लाख के मोबाइल (17 मोबाइल) चुरा ले गए।
चोरों की हरकतें सीसीटीवी में कैद हो गई, लेकिन इसमें आरोपी के चेहरे ढंके हैं। वहीं, आसपास के दुकानदारों का कहना है कि करीब पांच बजे के बाद मार्केट का चौकीदार चला गया था।
इसके बाद ही वारदात हुई है। फिलहाल, एमडीसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, वीरवार सुबह करीब सवा दस बजे कारिंदे शोरूम खोलने पहुंचे।
इस दौरान शटर थोड़ा खुला था। शक होने पर उन्होंने शोरूम मालिक को सूचना दी और शटर उठाकर अंदर देखा तो शीशे वाला दरवाजा भी खुला था, जबकि उस पर सिक्योरिटी सिस्टम लगा है।
सबसे पहले शोरूम के अंदर से डेमो मोबाइल गायब दिखे, फिर अन्य महंगे मोबाइल। चोर इतने शातिर थे कि सेंसर से जुड़े मोबाइल के तार काटने के बाद ही 17 महंगे मोबाइल चुराए।
इनमें नोट टू, एस 4 व अन्य महंगे मोबाइल शामिल हैं। शोरूम मालिक पर्व ढींगड़ा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शीशे का दरवाजा खुलने पर बजता है अलार्म
शीशे के दरवाजे में सिक्योरिटी सिस्टम लगा है। जब सिस्टम ऑन होगा और बंद दरवाजा खुलेगा तो अलॉर्म बजेंगे। साथ ही उस मोबाइल पर कॉल जाएगी, जो सिक्योरिटी कंपनी के पास रजिस्टर्ड होगा।
इसके बावजूद इस वारदात में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। पुलिस ने जब मौके की जांच की और दरवाजा बंद करके डेमो किया तो सिक्योरिटी सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा था।
अब पुलिस यह मानकर चल रही है कि या तो रात को सिक्योरिटी सिस्टम ऑन नहीं किया गया या फिर दरवाजा पूरी तरह बंद करने में कमी छोड़ी गई।