मौके से चोरो के फिंगर प्रिंट्स के नमूने एकत्रित
- फोटो : अमर उजाला
मौली जागरां निवासी दिलीप कुमार का परिवार दिल्ली में निरंकारी बाबा हरदेव सिंह के अंतिम दर्शनों के लिए गया हुआ था। पीछे चोर पूरा घर साफ कर गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिलीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कनाडा में सड़क हादसे में मारे गए निरंकारी बाबा के अंतिम दर्शन व शव यात्रा में शामिल होने के लिए पूरे परिवार के साथ 17 मई को दिल्ली गए हुए थे। 19 मई को सुबह 6 बजे जब लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अलमारी का सारा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पाया कि सोने के दो मंगलसूत्र, कानों की बालियां, दो अंगूठियां, सोने का कड़ा व दो सोने की नोज पिन और करीब 5 हजार रुपये नगदी चोरी कर ली गई है। चोरी का पता लगते ही दिलीप ने 100 नंबर पर फोन कर सूचना दी। मौके पर थाना पुलिस पहुंची।
पुलिस ने मौके से चोरो के फिंगर प्रिंट्स के नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।