इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित टाटा मोटर्स के जीएम अरुण कुमार के घर पर लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। फिलहाल सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-47 सी के मकान नंबर-2058 निवासी अरुण कुमार अपने पूरे परिवार के साथ गत दस अप्रैल को छुट्टियां मनाने मुंबई गए थे।
उन्होंने कुछ ही दिन पहले एचडीएफसी बैंक में अपना अकाउंट खुलवाया था और घर पर बंद लिफाफा पड़ा जिसमें नया एटीएम कार्ड और उसका पिनकोड भी था।
ऐसे पता लगा चोरी का
अरुण कुमार मुंबई में थे, तो उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया कि आपके एचडीएफसी बैंक के खाते से 25 हजार रुपये निकले हैं।
यह रकम मोहाली के सोहाना गांव स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से निकाली गई। मैसेज पढ़ कर उन्होंने अपने किसी जानकार को भेजा। जब वह वापस आए तो उन्होंने देखा कि कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
घर से करीब चार लाख रुपये का सामान चोर ले गए। इससे पहले पुलिस अभी तक सेक्टर-22 और 23 के सरकारी मकानों में हुई चोरियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
सेक्टर-15 में भी हुई चोरी
सेक्टर-15 डी मकान नंबर 3091 निवासी पूनम ने पुलिस को शिकायत दी कि किसी ने वीरवार को उनके घर से सोने के आभूषण चोरी कर लिए है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पूनम ने बताया कि वीरवार को वह अपने पति के साथ पीजीआई गई थी। जब वे वहां से वापस आए तो घर के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।