धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निखरी में बड़े भाई की शराब की लत से परेशान छोटे ने उसके सिर पर चारपाई के पाए से कई वार कर उसको मौत के घाट उतार दिया। मंगलवार को हुए झगड़े के बाद घायल को दिल्ली ले जाया गया। उपचार के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घायल अवस्था में लिए बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि गांव निखरी निवासी सुखबीर सिंह अविवाहित था।
वह अपनी मां के पास रहता था। उसका छोटा भाई अमर सिंह भी उसके साथ स्थित मकान में परिवार सहित रहता था। पुलिस ने बताया बड़े भाई सुखबीर को शराब की लत थी। वह शराब पीकर अक्सर अमर सिंह से झगड़ा करता था। मंगलवार को भी जब सुखबीर शराब पीकर आया तो छोटे भाई अमर सिंह के साथ झगड़ा हो गया। अमर सिंह ने उसको शराब पीकर नहीं आने की नसीहत दी। इसके बाद दोनों भाइयों में झगड़ा बढ़ गया।
आरोप है कि इस दौरान गुस्से में आए अमर सिंह ने चारपाई का पाया निकालकर सुखबीर सिंह से मारपीट शुरू कर दी। सुखबीर सिंह के सिर में चोट लग गई। परिजनों ने घायल सुखबीर सिंह को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। चिकित्सकों ने ऑपरेशन की जरूरत बताई। सूचना मिलने के बाद पहुंची धारूहेड़ा थाना पुलिस ने सुखबीर के बयान लिए। इसमें उसने अपने छोटे भाई अमर सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया था।
इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बुधवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गए। वहां गुरूवार दोपहर को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। अमर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सुखबीर द्वारा अधिक शराब पीने के कारण मंगलवार को दोनों भाइयों में झगड़ा हो गया था। झगड़े में सुखबीर को चोट लगी थी। इसके बाद वीरवार को उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। छोटे भाई अमर सिंह के खिलाफ इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जगदेव सिंह, थाना प्रभारी धारूहेड़ा।