सोहाना में वीरवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में एक इंजीनियर की मौत हो गई। 27 वर्षीय युवक की बाइक सड़क पर खड़ी एक कार से टकरा गई। जैसे ही वह सड़क पर गिरा, पीछे से आ रहे टिप्पर ने उसका सिर कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को मृतक की जेब से उसका ड्राइविंग लाइसेंस और आई-कार्ड मिला है। मृतक की पहचान सतीश वर्मा पुत्र कृष्ण लाल के रूप में हुई है। वह शांति नगर, मनीमाजरा टाऊन का निवासी थी।
सतीश एनएसी मनीमाजरा स्थित हिंद सिक्योरिटी सर्विस में इंजीनियर था। हादसा दोपहर करीब पौने दो बजे हुआ। सतीश अपनी यामाहा फेजर बाइक पर लखनौर साइड से सोहना की तरफ जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोहाना में आईडीबीआई बैंक के सामने उसकी बाइक एक खड़ी आल्टो कार से टकरा गई। जिससे असंतुलित होकर वह सड़क की तरफ गिर गया।
गिरते ही पीछे की तरफ से आ रहे टिप्पर ने उसका सिर कुचल दिया। दुर्घटना के बाद जाम की स्थिति पैदा हो गई। पीसीआर मुलाजिमों ने मौके पर पहुंच कर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने की कोशिश की।
थाना सोहाना पुलिस के पहुंचने पर करीब एक घंटे बाद शव को उठवाया गया और घटनास्थल पर रेत डाली गई। दोनों तरफ ट्रैफिक डायवर्ट करने से पहले ही सोहाना-लखनौर रोड पर जाम लग चुका था। पुलिस ने टिप्पर कब्जे में ले लिया है, चालक मौके से फरार हो गया।
सफारी ने मारी टक्कर, पोल से टकराई आल्टो
वीरवार दोपहर हुए एक अन्य हादसे में एक कार चालक गंभीर जख्मी हो गया। जानकारी के मुताबिक, सेक्टर 41 चंडीगढ़ निवासी अमनदीप सिंह ऑल्टो कार में मोहाली से लखनौर की तरफ जा रहा था।
जैसे ही वह राधास्वामी सत्संग घर के मेन गेट पर पहुंचा, पीछे से आ रही टाटा सफारी ने ऑल्टो को जोरदार टक्कर मारी। ऑल्टो डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सफारी भी काफी दूर जाकर फुटपाथ से टकराई, उसके दो टायर फट गए। हादसे में अमनदीप सिंह गंभीर जख्मी हो गया, जिसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, टाटा सफारी चालक मौके से फरार हो गया।