31 दिंसबर की रात को दो अलग अलग जगहों पर पुलिस कर्मचारियों से बहस व धक्का मुक्की करने के आरोप में छह युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों वारदात सेक्टर-36 थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस ने विक्रांत सिंह, राजेश कुमार और करनैल सिंह को सेक्टर-43-44 के एंटी ड्रंकन नाके से गिरफ्तार किया। जबकि योगवीर सिंह, अशदीप सिंह और रोहित बस्सी को सेक्टर-35 के मार्केट की पार्किंग से गिरफ्तार किया है।
सेक्टर-43-44 नाके पर तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर कर्मचंद ने थाने में दी शिकायत में बताया कि नाके पर पहले कार नं. एचपी 22टी 9265 चालक विक्रांत सिंह आए और जब पुलिस ने उनको रोका तो वे पुलिस से बहस करने लगे।
इसी तरह नाके पर राजेश कुमार भी अपनी कार नंबर सीएच01 एआर 8342 नाके पर आया और चालान होने पर पुलिस से बहस करने लगा। जब दोनों काफी देर तर नहीं माने तो दोनों को ट्रैफिक पुलिस ने सेक्टर-36 पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया।
वही करनैल सिंह की भी कार जब पुलिस ने इंपाउंड की तो उसने भी पुलिस वालों से झगड़ना शुरू कर दिया। बहस बढ़ती देख पुलिस ने करनैल सिंह को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया।
तीनों के खिलाफ पुलिस ने इंस्पेक्टर कर्मचंद की शिकायत पर ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्जकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
वहीं शराब के नशे में कुछ युवक सेक्टर-35 की पार्किंग में हुड़दंग मचा रहे थे। जब वहां तैनात कांस्टेबल रजत राम उनको रोकने गया तो तीनों उससे धक्का-मुक्की व बहस करनी शुरू कर दी।
इस दौरान उसने थाने में फोन कर पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को काबू कर लिया। तीनों युवक पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले है और चंडीगढ़ नववर्ष का जश्न मनाने आए थे।