फेज-6 में गायत्री शक्ति पीठ के पास वीरवार सुबह अफरा तफरी मच गई। दो लोगों ने पहले एक बुजुर्ग के साथ बैठ कर शराब पी। बाद में बुजुर्ग की जेब से पैसे निकालकर भागने लगे।
इस पर बुुजुर्ग ने रोते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया। वहां से गुजर रहे लोगों ने भागते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया, दूसरा फरार हो गया।
लोगों ने पकड़े गए व्यक्ति की जम कर धुनाई की। रकम वापस करने के बाद उसने माफी मांग कर अपनी जान बचाई।
सुबह करीब साढ़े दस बजे बुजुर्ग सुदर्शन कुमार एटीएम से एक हजार रुपये लेकर जा रहा था। इस दौरान दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग को अपनी बातों में फंसा लिया और साथ में शराब पी।
फिर वे दोनों उसकी जेब से एक हजार रुपये निकालकर भाग निकले। तभी, वहां से गुजर रहे लोगों की नजर दोनों व्यक्तियों पर पड़ गई। लोगों अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दोनों व्यक्तियों का पीछा किया।
इस दौरान ट्रैफिक भी रुक गया। मामला जानने के बाद राहगीरों ने पकड़े गए व्यक्ति की पहले जम कर धुनाई की।
उसका कहना था कि पैसे दूसरे व्यक्ति ने निकाले है, वह तो बुजुर्ग की मदद कर रहा था। वह दूसरे युवक के बारे में कुछ नहीं बता सका। आखिर में उसने अपनी गलती मान ली।
लोगों और बुजुर्ग से माफी मांगकर उसने अपना पीछा छुड़ाया।