डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह की आने वाली फिल्म 'मैसेंजर आफ गॉड' के फ्लेक्स पोस्टर फाड़ने से तनाव बढ़ गया है। पोस्टर फाड़ने की वारदात मोगा के कोटकपूरा बाईपास साथ-साथ लुधियाना के गांव काउंके कलां में हुई। डेरा प्रेमियों पर भी हमले की खबर है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मोगा के सिविल अस्पताल में दाखिल डेरा प्रेमी सुरिंदर कुमार और जसविंदर सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात उन्होंने सात-आठ युवकों को डेरामुखी की फिल्म के पोस्टर फाड़ते देखा। विरोध किया तो हमलावरों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। सूचना पाकर डीएसपी सिटी गुरमेल सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उधर, रात को डेरा प्रेमी भी मौके पर जुटने लगे।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर डेरा प्रेमी शांत हो गए। थाना सिटी एसएचओ सतविंदर सिंह विर्क ने बताया कि अज्ञात आरोपियों खिलाफ फिल्म के पोस्टर फाड़ने तोड़फोड़ और धार्मिक भावना भड़काने आदि धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टर को किसी ने आग लगा दी
उधर लुधियाना के जगरांव के गांव काउंके कलां में लगे फिल्म के पोस्टर को किसी ने आग लगा दी। हरनेक के शोर मचाने पर शरारती तत्व भाग गए।
सुबह होते ही बड़ी संख्या में डेरा प्रेमी गांव में इकट्ठा हो गए। डीएसपी सुरिंदर कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने जांच के दौरान एक मशाल और तेल की बोतल भी बरामद की है। एसएसपी रवचरण बराड़ ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए पुलिस के जहान खेला (फिलौर) प्रशिक्षण केंद्र में ट्रेनिंग ले रहे मुलाजिमों को वापस बुला लिया गया है। डेरा सच्चा सौदा सिरसा के मुख्य नाम चर्चा घरों के आगे पुलिस कर्मचारी तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मालवा क्षेत्र के बठिंडा, फिरोजपुर, मानसा, बरनाला और मोगा आदि जिलों में बड़ी संख्या पुलिस तैनात कर गश्त तेज कर दी गई है।