दो युवकों ने डालर एक्सचेंज कराने के नाम पर एक युवक से एक लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित को जो थैला पकड़ाया, उसमें ऊपर 20 -20 डॉलर के तीन-चार नोट रखे थे जबकि नीचे कोरे कागज थे। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौली जागरां पुलिस थाने में किशनगढ़ निवासी कुलवीर सिंह से दो युवकों के खिलाफ धोखा देकर एक लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज कराया है। कुलवीर ने बताया कि करीब 15 दिन पहले एक मोबाइल रिचार्ज की दुकान पर उसे कालू नाम का एक युवक मिला था। कालू ने 20 डॉलर दिखाते हुए उससे पूछा था कि क्या यह असली है और चल जाएगा।
कालू ने उसे बताया कि उसके पास बीस डालर के कई और नोट हैं, जिनको रुपये में बदलवाना है। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसे बताया कि उनके पास जो डॉलर हैं उनकी रुपये में कीमत चार लाख है। आरोपियों ने कुलवीर को उनके डॉलर एक्सचेंज करवाने में मदद करने पर उसको कुछ परसेंट कमीशन देने की बात कही थी। कुलवीर इसी लालच में आ कर उनकी मदद के लिए तैयार हो गया।
वीरवार सुबह करीब 9 बजे आरोपियों ने कुलवीर को कहा कि वे पहले उनको एडवांस में एक लाख रुपये दे। कुलवीर एक लाख रुपये लेकर उनके पास पहुंचा। कालू के साथ रोहित नाम का एक और युवक था। कालू ने बताया कि रोहित उसका भाई है और मानसिक रूप से बीमार है। इसके बाद कालू ने कहा कि ये हमारे डॉलर पकड़ो और कुलवीर से एक लाख रुपये ले लिए।
कालू ने कहा रोहित को पहले घर छोड़ कर आता हूं फिर पैसे चेंज करवाने चलते हैं। आरोपी कागजों वाला थैला कुलवीर को पकड़ा कर चले गए। काफी देर तक जब वे वापस नही लौटे तो उसने थैला चेक किया तो उसमें ऊपर तीन चार नोट 20 डॉलर के थे जबकि उनके नीचे कागज थे।
काफी देर तक इधर उधर ढूंढने के बाद जब आरोपियों का कुछ पता नही चला तो पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मौली जागरां पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों युवकों कालू व रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।