मैं अपनी नजरों में गिर गया हूं और अपने घर वालों का गुनहगार हूं...सुसाइड नोट में ये सब लिखा और सेना के जवान ने खुद को गोली मार ली। अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को उड़ाने वाले जवान की मौके पर पही मौत हो गई। पास में सुसाइड नोट भी पड़ा मिला। घटना पंजाब के पठानकोट की है।
मृतक की पहचान सिंबल चौक स्थित सेना की 17 ग्रेनेडियर यूनिट में तैनात कांस्टेबल मुकेश (21) पुत्र बहादुर सिंह के रुप में हुई। वह गांव बाबत, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश कर रहने वाला था। मुकेश की शनिवार रात अपनी यूनिट के गेट पर ड्यूटी थी। रात करीब 12 बजे मुकेश ने अपनी सर्विस राइफल से गले में गोली मार ली।
गोली की आवाज सुन अन्य जवान मौके पर पहुंचे। वहां मुकेश जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था और उसकी राइफल भी पास ही पड़ी थी। कांस्टेबल मुकेश करीब दो वर्ष पहले सेना में भर्ती हुआ था। थाना मामून के प्रभारी राजिंदर मन्हास ने बताया कि मुकेश के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ।
इसमें उसने लिखा है कि मै अपनी नजरों में गिर गया हूं और अपने घर वालों का गुनहगार हूं, इसलिए मैं अपने आप को माफ नहीं कर सकता। थाना प्रभारी ने बताया पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।