आईलट्स की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय युवक ने महिला समेत तीन से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस ने युवक को जीएमसीएच-32 में दाखिल कराया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान कालोनी नं. चार निवासी मनोज के रूप में हुई। पुलिस को मौकेएक सुसाइड नोट बरामद हुआ। जिसमें युवक ने अपनी मौत का जिम्मेदार संगीता, संगराम और नीरज को बताया है। सूत्रों की माने तो प्रेम संबंध के चलते तीनों तंग कर रहे थे।
इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने तीनों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्जकर लिया है। कालोनी नं. चार निवासी मनोज कुमार ने सोमवार दोपहर को अपने घर में जहरीला पदार्थ निगल लिया था। मुंह से जाग आते देख परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने गंभीर हालत में उसे जीएमसीएच-32 में दाखिल कराया। मंगलवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुसाइड नोट में उसने कहा है कि संगीता, संगराम और नीरज से तंग आकर वह आत्महत्या कर रहा है।
वहीं पुलिस ने मनोज का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल निकलवा रही है। मनोज सेक्टर-29 में आईलट्स की तैयारी कर रहा था।