पूछताछ के लिए थाने लाई गई युवती ने जान दी
- फोटो : अमर उजाला
जिले के बालियांवाली पुलिस स्टेशन के शौचालय में शनिवार देर शाम एक युवती ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवती की पहचान जसवीर कौर (21) निवासी गांव दादू के तौर पर हुई है। वहीं पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से कतरा रही है। युवती थाने में गांव कोटड़ा कोडियावाला की पंचायत और अपने रिश्तेदारों के साथ गई थी ।
जानकारी के अनुसार जसवीर कौर की सहेली बलविंदर कौर जिले के गांव कोटड़ा कोडियावाला में रहती है। दोनों सहेलियां अंबाला की एक धागा फैक्टरी में काम करती थी। शुक्रवार को दोनों पटियाला के एक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गई थी जहां से बलविंदर कौर लापता हो गई।
जसवीर कौर शनिवार को गांव नंदगढ़ कोटड़ा आ गई और उसने इस बाबत गांव में रहते अपने रिश्तेदारों व बलविंदर के परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद गांव की पंचायत व उक्त युवती के रिश्तेदार उसे देर शाम थाना बालियांवाली में ले गए जहां पुलिस युवती से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान जसवीर पुलिस स्टेशन में बने शौचालय में चली गई। काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो पुलिस और उसके परिजनों ने शौचालय को खोलकर देखा। अंदर युवती का शव फंदे से लटक रहा था।
एसएसपी बठिंडा स्वप्न शर्मा ने मामले के बारे में पूछे जाने पर यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि इस बारे में युवती के परिजनों से बात करें ।