चंडीगढ़ स्थित पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) के पंचकूला सेक्टर-8 निवासी स्टूडेंट ने सोमवार दोपहर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
जिस वक्त यह घटना हुई, मृतक की मां घर पर ही थी। बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब दो साल से डिप्रेशन का शिकार था और उसने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था।
जीएमसीएच सेक्टर-32 में उसका इलाज चल रहा था। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, विक्रम पांडेय (24) पेक में बीटेक का फाइनल इयर का छात्र था। विक्रम के पिता एसबी पांडेय एयरफोर्स से रिटायर हैं और फिलहाल एक निजी कंपनी में बतौर लीगल एडवाइजर कार्यरत हैं।
एसबी पांडेय घर पहुंचे और विक्रम को सेक्टर-6 स्थित जनरल अस्पताल लाए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। विक्रम की एक बड़ी बहन पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही है और एक छोटा भाई झारखंड में रहता है।
ठीक हो रहा था, पता नहीं था ऐसा करेगा
विक्रम के पिता एसबी पांडेय के मुताबिक वह पढ़ने में काफी अच्छा था, लेकिन पिछले करीब दो साल से न जाने डिप्रेशन का शिकार हो गया था।
उसका इलाज चल रहा था और अब वह ठीक हो रहा था। उम्मीद नहीं थी कि वह ऐसा करेगा। विक्रम के परिजनों के मुताबिक उन्हें हमेशा भय रहता था, इसी के चलते विक्रम को अपने आस-पास रखते थे।