गांव दमदमा में रहने वाले नेपाली मूल के एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
रमेश राणा (38) सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के गेट नंबर-2 के सामने किराए के मकान में अपनी साली बिमला और साढ़ू राजकुमार के साथ रहता था, जबकि उसकी पत्नी अंबाला में एक कंपनी में काम करती थी। वह छुट्टी वाले दिन यहां आती थी।
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह राजकुमार और उसके पड़ोसी थाने पहुंचकर रमेश के खुदकुशी करने की सूचना दी। शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला।
यह उसकी पत्नी के नाम है, जिसमें लिखा है ‘संतोष जी आपने मेरी बहुत सेवा की हैं। मैं आपके कार्य से खुश हूं। बेटे ध्रुव का ध्यान रखना, भगवान आपका ध्यान रखेगा। मैं अपनी दुखी सी आत्मा को खत्म कर रहा हूं’।
वहीं, रमेश की साली बिमला व अन्य परिजनों ने बताया कि होली वाले दिन कुछ लोगों ने उनके घर पर हमला किया था और रमेश को पीटने के अलावा घर का सामान भी तोड़ दिया था।
उसी दिन से रमेश परेशान था। पुलिस अब सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की भी जांच कराएगी। फिलहाल, पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।