जालंधर में एक सब इंस्पेक्टर ने सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। माडल हाउस में शनिवार देर रात हुई घटना के कारण का तो अभी तक पता नहीं चल सका है। पहले माना जा रहा था कि रिवाल्वर से अचानक गोली चलने से मौत हुई है।
प्रारंभिक जांच के बाद मामला आत्महत्या का निकला। जांच में अभी इतना पता चला है कि सब इंस्पेक्टर ने अपने घर के बाहर कार में बैठकर खुद को गोली मारी थी।
मृतक की पहचान विपिन कुमार के रूप में हुई है। विपिन कुमार सीआईए स्टाफ देहात में तैनात थे। सूचना के बाद एडीसीपी सिटी 2 परमिंदर सिंह भंडाल समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे व जांच शुरू कर दी।
एडीसीपी भंडाल ने बताया कि विपिन कुमार ने देर रात करीब डेढ़ बजे घर के बाहर खड़ी कार में बैठकर खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर लोग बाहर आए और पुलिस को सूचित किया। आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।