नहर में नहा रहे चार दोस्तों में से एक पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना पंजाब के जगरांव (लुधियाना) का है। ग्रामीणों ने शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
जानकारी के अनुसार हठूर के नजदीक गांव डल्ला से गुजर रही अबोहर ब्रांच नहर में गांव मल्लां के चार युवक सुखदीप सिंह, अमरजीत सिंह, मनप्रीत सिंह और जगराज सिंह नहाने के लिए चले गए। सुखदीप नहर के किनारे पर पड़ी एक पत्थर की मूर्ति के साथ रस्सी बांधकर नहा रहा था। थोड़ी देर बाद रस्सी टूट गई और वह तेज बहाव में बह गया।
सुखदीप की चीखें सुन कर उसके दोस्तों ने गांव मल्लां में आकर गांव के गुरुद्वारा साहिब से अनाउंसमेंट कराई। इस पर बड़ी संख्या में गांव के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने सुखदीप की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने नहरी विभाग से पानी की आपूर्ति बंद करने की गुजारिश की है। थाना हठूर के प्रभारी शिवकंवल सिंह ने कहा है कि युवक की तलाश के लिए नहर में गोताखोर उतारे गए हैं।