बर्गर की रेहड़ी पर काम नहीं चला तो एक युवक ने अपने साथी के साथ हेरोइन तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। आरोपी उस समय एसटीएफ टीम के हाथ लग गए जब वह एक्टिवा पर सवार होकर किसी को हेरोइन की खेप सप्लाई करने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को बस्ती जोधेवाल चौक के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 600 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
थाना दरेसी की पुलिस ने मामले में छावनी मोहल्ले के रहने वाले सुखप्रीत सिंह उर्फ सन्नी और सलेम टाबरी की भगवान दास कालोनी निवासी विनय कालड़ा उर्फ गोलू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एसटीएफ के जिला इंचार्ज सब इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने बस्ती जोधेवाल चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर जा रहे थे तो पुलिस पार्टी को देख कर घबरा गए। आरोपियों ने एक्टिवा घुमाई तो पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की। पुलिस पूछताछ में सन्नी ने बताया कि वह बर्गर की रेहड़ी लगाता था, लेकिन काम धंधा नहीं चला तो उसने हेरोइन तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। उसने अपने साथ हेयर सैलून का काम सीखने वाले गोलू को भी लगा लिया।
दोनों पिछले करीब दो साल से हेरोइन तस्करी का धंधा कर रहे थे। वह खुद भी नशा करने के आदी है। आरोपी राजा नाम के व्यक्ति से सलेम टाबरी इलाके में हेरोइन लेते और आगे सप्लाई करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है कि उनके साथ हेरोइन तस्करी के धंधे में कितने लोग जुड़े हैं।