कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त हायर सेकेंडरी लेवल का पेपर व्हाट्स ऐप से लीक हुआ था। पेपर हरियाणा के सोनीपत से लीक हुआ है।
पेपर देते हुए हल्द्वानी से 11, अल्मोड़ा से सात, देहरादून में तीन, इलाहाबाद से एक और लखनऊ से पांच नकलची पकड़े गए हैं। नकलची छात्रों के मुताबिक इस खेल का मास्टरमाइंड मेरठ जिले के मवाना का रहने वाला कोचिंग संचालक है।
पेपर मेरठ के अलावा हरियाणा सोनीपत इलाके के लोगों ने व्हाट्सएप से लीक किए थे। पिछले सप्ताह भी इसी परीक्षा का पेपर लीक होने पर चिट के साथ तीन ‘मुन्नाभाई’ पकड़े गए थे। सतर्कता के बावजूद मुन्नाभाइयों ने अधिकारियों की सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया।
हल किया हुआ पेपर उपलब्ध कराया था
हल्द्वानी में एसडीएम हरबीर सिंह ने रविवार सुबह डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छापा मारकर परीक्षा दे रहे मेरठ जिले के मवाना निवासी सौरभ धामा को मोबाइल के साथ पकड़ लिया।
बागपत के बड़ौत खिरनी नेहरू रोड निवासी भानु कुमार पवार को भी पकड़ा, लेकिन वह चिट चबा गया। पूछताछ में पता चला कि मवाना (मेरठ) निवासी कोचिंग संचालक पंकज धामा ने सौरभ को हल किया हुआ पेपर उपलब्ध कराया था।
एसडीएम ने पकड़े गए एक अभ्यर्थी से पूछा तो उसने बताया कि अभी साल्व पेपर का रेट तय नहीं था। परीक्षा देने के बाद पैसे की बात मेरठ के पंकज से हुई थी।
पत्र भेजकर दी थी पेपर लीक होने की जानकारी
इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति ने शनिवार को ही डीएवी के पि्रंसिपल के पास पत्र भेजकर परीक्षा पेपर लीक होने की जानकारी दी थी। इसके बाद एसडीएम ने क्वींस हायर सेकेंडरी स्कूल में छापा मारकर मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कुरालसी निवासी निर्दोष कुमार, बागपत जिले के मोजिजाबाद नांगल निवासी सन्नी पवार, पट्टी रामपुर घास की मंडी खेकड़ा निवासी बृजमोहन समेत चार लोगों को नकल करते हुए पकड़ लिया।
क्वींस स्कूल में शाम की पाली में भी बागपत जिले के चार परीक्षार्थी अंकुर, अविनाश, विनीत और सोनू पकड़े गए। इनमें से एक परीक्षार्थी चिट चबा गया। वहीं, कक्ष निरीक्षक ने डान बोस्को बेरीपड़ाव में मेरठ के अंकुर को नकल करते हुए पकड़ा।
उधर, अल्मोड़ा में नकल करते पकड़े गए सात परीक्षार्थियों में बागपत जिले के चार, मुजफ्फरनगर, सोनीपत और फिरोजाबाद जिले के एक-एक अभ्यर्थी शामिल हैं। इन्होंने लिखित में नकल करने की बात स्वीकारी है। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम प्रकाश चंद्र ने इसकी सूचना कर्मचारी चयन आयोग के दिल्ली मुख्यालय को भेज दी है।