सेक्टर-22 में आर्मी के जवान का शव संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। जवान पठानकोट से बहलाना स्थित ट्रांजिट कैंप में आया था। वीरवार सुबह सेक्टर-22 स्थित शोरूम नंबर 1062 के पास उसका शव पड़ा था। पुलिस ने जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में शव रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार वर्मा पठानकोट स्थित 56 एपीओ का रहना वाला था। सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन के एसएचओ रंजीत सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि दुकान के बाहर एक व्यक्ति पड़ा है। पीसीआर ने मौके पर पहुंचकर फौजी को सेक्टर-16 के अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ ने बताया कि जांच में पाया गया है कि विनोद के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं है। इसलिए मौत के कारणों के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।
मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। शव को मोर्चरी में रखवा कर जवान की मौत की सूचना कमांड आफिस और उसके परिजनों को दे दी गई है। आर्मी के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले विनोद कुमार पठानकोट से लेह जाने के लिए बहलाना के ट्राजिंट कैंप में आया था। सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।