घर का पता पूछने के बहाने सेक्टर 40 में घर के बाहर खड़ी महिला के गले से सोने की चेन झपटकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। उधर रायपुर कलां बैरियर के पास दो बदमाश एक व्यक्ति से 26 हजार रुपये छीन ले गए। पुलिस के अनुसार सेक्टर 40 निवासी रेणू सिंगला रविवार दोपहर घर के बार खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक सवार युवक आकर उनसे घर का पता पूछने लगा।
जैसे ही महिला ने उसे पता बताना शुरू किया तो युवक ने उसके गले से सोने की चेन झपट और पास खड़े साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया। महिला ने तुरंत स्नैचिंग की सूचना 100 नंबर पर दी। स्नैचिंग की सूचना पाते ही पीसीआर और सेक्टर 39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार युवकों ने बाइक की नंबर प्लेट मोड़ी हुई थी जिस कारण वह नंबर नोट नहीं कर सकी। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने मामला दर्जकर स्नैचरों की तलाश शुरू कर दी।
वहीं, रायपुर कलां बैरियर के पास दो बदमाश घर लौट रहे व्यक्ति से 26 हजार रुपये छीन कर फरार हो गए। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार रायपुर खुर्द निवासी विश्वास सिंह ने बताया कि रविवार रात को वह पैदल घर लौट रहा था। तभी दो पैदल ही बदमाश उसके पास आए और उसके साथ मारपीट कर उसकी जेब से 26 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मौली जागरां पुलिस स्टेशन में अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
आटो चालक से 700 रुपये छीने
वही रविवार देर रात सेक्टर 16 में हिसार निवासी रायसिंह ने सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है कि उससे एक ऑटो चालक 700 रुपये छीनकर फरार हो गया। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता ने घटना के वक्त शराब पी रखी थी। उसकी शिकायत पर सेक्टर 11 पुलिस स्टेशन में डीडीआर दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।