तेजधार हथियारों से लैस लुटेरों ने देर शाम घर लौट रहे युवक पर हमला कर दिया। निहत्था युवक उनसे जा भिड़ा और उन्हें मार भगाया। लूट की मकसद से तीन बदमाशों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। युवक की हिम्मत व दिलेरी की वजह से बदमाश लूट करने में नाकाम रहे। पुलिस ने पीड़ित के बयानों पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर 45 बुड़ैल के रहनेवाले सुमित शर्मा 26 अप्रैल को काम खत्म कर पैदल ही घर लौट रहे थे। जैसे ही वो सेक्टर 29-31 के डिवाइडिंग रोड पर पहुंचे तो वहां पहले से खड़े तीन युवकों ने उसे घेर से चाकुओं से हमला कर दिया। सुमित ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर से चाकू भिड़ गया और चाकू छीन लिया। वह मदद के लिए जोर जोर से चिल्लाने लगा। जिससे घबरा कर तीनों बदमाश भाग खड़े हुए।
घायल अवस्था में सुमित खुद जीएमसीएच-32 पहुंचा। उसके बाद डाक्टरों ने पुलिस को वारदात की सूचना दी। पीड़ित का कहना है कि वह बदमाशों को नहीं पहचानता। उन्होंने लूटने के मकसद से ही उस पर हमला किया था। उनकी उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच थी।
पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त पुलिस ने अस्पताल में जाकर मामले में डीडीआर लिख ली थी। क्योंकि पीड़ित बयान देने की स्थिति में नही था। अब जब पीड़ित बयान देने की हालत में हुआ तो पुलिस ने शनिवार को उसका बयान दर्ज कर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।