आगरा से होता था नशीले पदार्थों का कारोबार: आईजी भुल्लर
इस मामले में आईजी रोपड़ रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एसएसपी फतेहगढ़ साहिब डॉ. रवजोत गरेवाल ने मीडिया को बताया कि आरोपी गौरव सिंह की गिरफ्तारी के बाद, फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने अवैध केमिस्टो, फार्मेसियों, गोदामों पर छापा मारा, जिसके माध्यम से मोहम्मद अरबाज, मोहम्मद सलमान और मोहम्मद शाहबेज सहित अन्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया। इन तीनों से पूछताछ में पता चला कि ये आगरा से ड्रग्स खरीद रहे थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जिसका आगरा में अवैध दवा का गोदाम है।
थोक विक्रेता है आरोपी घनश्याम
आईजी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी राकेश ने खुलासा किया कि वह गाजियाबाद के लोनी के एक व्यक्ति के संपर्क में था, जिसकी पहचान घनश्याम शर्मा के रूप में हुई है, जो नशीले पदार्थों का थोक विक्रेता है। उन्होंने आगे कहा कि घनश्याम को 2 नवंबर 2023 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दवा निर्माता सुमित अग्रवाल की गिरफ्तारी हुई। इस संबंध में एफआईआर 12 अगस्त, 2023 को मुलेपुर फतेहगढ़ साहिब पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22सी के तहत केस दर्ज किया गया है।