फेज-9 में रविवार देर शाम इंडेन गैस कंपनी के मालिक से बाइक सवार लुटेरे साढ़े छह लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
लोगों ने लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मौके पर थाना फेज-8 पुलिस भी पहुंची। साथ ही वारदात वाली जगह के पास स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी गई।
मगर कोई सुराग नहीं मिला। दूसरी तरफ पुलिस गैस एजेंसी में काम करने वाले मुलाजिमों से भी पूछताछ कर रही है।
फेज-9 स्थित इंडेन गैस की हाई फ्लेम गैस सर्विस कंपनी के मालिक कर्नल सरदूल सिंह सिद्धू कैश से भरा बैग लेकर करीब पौने आठ बजे आफिस से निकलेे थे।
जब वह ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे। इसी बीच एक युवक आया और उसने उनसे किसी का पता पूछा। वह जैसे ही पता बताने लगे। तभी लुटेरे ने बैग उनके हाथ से छीन लिया।
वहां से सड़क की तरफ भाग गया। वहां पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल स्टार्ट कर पहले ही उसका इंतजार कर रहा था। वह मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया।
इसी बीच गैस एजेंसी के मालिक ने पुलिस का सूचित किया। मौके पर थाना फेज आठ के एसएचओ गुरदीप सिंह भी पहुंच गए।
गैंस एजेंसी के साथ वाली दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे गए। ताकि लुटेरों का कोई सुराग मिल सके। लेकिन अंधेरा होने के चलते सीसीटीवी कैमरों में कुछ साफ दिखाई नहीं दिया।
एसएचओ ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। गैस एजेंसी में काम करने वाले मुलाजिमों से पूछताछ की जा रही है।
सरदार लुक में था लुटेरा
जिस युवक ने वारदात को अंजाम दिया। उसने अपने सिर पर पटका बांधा हुआ था। साथ ही चेहरा भी कवर किया हुआ था। जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो पाई है। वहां पर मौजूद एटीएम के सुरक्षा गार्ड ने भी लुटेरे का पीछा किया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
मार्केट में फैली दशहत
लूट की वारदात के बाद मार्केट में दहशत फैल गई। सारे दुकानदार इकट्ठे हो गए। किसी को वारदात के बारे में समझ ही नहीं आ रहा था। मार्केट में इस तरह की यह पहली घटना है।