पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार विधानसभा के पूर्व स्पीकर निर्मल सिंह काहलों के भतीजे संदीप काहलों को लुधियाना सीआईए-टू की टीम उसके घर लेकर पहुंची। गुरदासपुर के फतेहगढ़ चूढ़ियां स्थित संदीप काहलों के घर के साथ उसके अमृतसर के घर में भी तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि पुलिस को कई सुबूत मिले हैं। इसके बारे में लुधियाना पुलिस जल्द बड़े खुलासे कर सकती है।
पुलिस की टीम करीब एक-एक घंटा दोनों घरों में रुकी और वहां तलाशी के साथ कई लोगों से पूछताछ भी की। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गैंगस्टरों को बठिंडा छोड़ने में मदद करने के बाद से संदीप काहलों पुलिस के निशाने पर था। सतबीर को हथियार भी संदीप ने ही मुहैया करवाए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना थी कि संदीप के घर कई दस्तावेजों के साथ-साथ आपत्तिजनक सामान है। इस बारे में अभी तक कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। सिर्फ यही बताया जा रहा है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द बड़े खुलासे होंगे।
जेल में गैंगस्टर सतबीर पर हमला करने वालों पर केस दर्ज
अकाली नेता निर्मल सिंह काहलों के भतीजे संदीप सिंह काहलों के कहने पर बठिंडा में गैंगस्टरों को छोड़ने वाले गैंगस्टर सतबीर सिंह पर दो दिन पहले जेल में हमला हुआ था। थाना डिवीजन-7 पुलिस ने सहायक अधीक्षक कश्मीर लाल की शिकायत पर सूरज, अखिलेश, गुरदेव, पंजाब और अमनप्रीत के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कश्मीर लाल ने पुलिस को बताया कि आठ जुलाई को सतबीर सिंह सेंट्रल जेल में आया था। नौ जुलाई को आरोपियों ने हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया। इसके बाद सतबीर को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में रेफर कर दिया गया।