युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों व उनके साथियों ने घायल पर डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस में दी शिकायत के अनुसार पुष्पित शर्मा धनास निवासी पर सेक्टर-16 में करीब आधा दर्जन युवकों ने हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित के मुताबिक अभिषेक, शंकर और मानव ने अपने साथियों के साथ हमला किया। घायल की शिकायत पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने 19 मार्च को भी उस पर हमले की कोशिश की थी, लेकिन वह बचकर निकल गया था। उसके बाद 20-21 फरवरी की रात सेक्टर-16 में दोबारा युवकों ने पुष्पित शर्मा को घेराकर पीटा और फरार हो गए। उसने किसी तरह कंट्रोल रूम में सूचना दी।
पीसीआर ने पहुंचकर उसे जीएमएसएच-16 पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि विवाद की जड़ पुरानी रंजिश है। इनके बीच पहले भी मारपीट हो चुकी है। मंगलवार को पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट से तीनों आरोपियों का एक दिन का रिमांड मांगा था।
ताकि वह बाकी के आरोपियों का पता लगा सकें। लेकिन कोर्ट ने पुलिस की मांग खारिज करते हुए तीनों को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अभी दो आरोपी फरार हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।