कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना पटियाला की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के अलावा उसके दो साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामले की जांच कर रही लाहौरी गेट थाना सब इंस्पेक्टर रेणु बाला ने बताया कि पीड़ित नाबालिग है। बयान के मुताबिक वह 22 जनवरी को किसी काम से पटियाला के बारादरी में आई थी। जहां से आरोपी अविनाश निवासी लहरा उसे बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर शेरांवाला गेट ले गया। जहां आरोपी ने नाबालिग को पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दिया। जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई।
इसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया। नाबालिग ने होश में आने के बाद पेट में दर्द की शिकायत की और रोने लगी। इस पर आरोपी अपने दोस्त हैप्पी, जो कमरे के बाहर खड़ा था। नाबालिग को दवा दिलाने के बहाने बाइक पर बैठा ले गया। शेरां वाला गेट पर ले जाकर आरोपी अविनाश व उसका दोस्त हैप्पी निवासी पटियाला ने उसे वहां छोड़ दिया और दोनों फरार हो गए।
पुलिस ने इस केस में दुष्कर्म के मुख्य आरोपी अविनाश के अलावा उसके दोस्त हैप्पी और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक इस अज्ञात व्यक्ति से ही आरोपी अविनाश ने कमरे की चाबी ली थी, जहां वारदात की गई। पुलिस ने फिलहाल आरोपियों की तलाश में जगह-जगह रेड की।