देह व्यापार मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
रिद्धि-सिद्धि होटल में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने डमी ग्राहक भेजकर भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया। चरखी दादरी जिले में रावलधी-दिल्ली बाईपास पर यह धंधा चल रहा था। होटल संचालिका दादरी निवासी महिला है, हालांकि उसकी अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने वीरवार को होटल से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें तीन युवक, एक युवती और एक महिला शामिल है।
होटल संचालिका समेत छह आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में अनैतिक देह व्यापार की धारा 3, 4, 5 व 7 के तहत केस दर्ज किया है। डीएसपी रामसिंह ने मीडिया को बताया कि बुधवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रिद्घि-सिद्घि होटल में देह व्यापार हो रहा है। इस होटल की संचालिका एक महिला है और देह व्यापार का काम उत्तराखंड निवासी एक युवक संभालता है। वह होटल पर नौकर का काम करता है। इस आधार पर अलसुबह करीब तीन बजे होटल पर रेड की गई।
डीएसपी ने बताया कि सामान्य कपड़ों में एक पुलिसकर्मी को होटल पर डमी ग्राहक बनाकर भेजा गया। होटल में मौजूद एक शख्स से डमी ग्राहक बनाकर भेजे गए पुलिसकर्मी ने संपर्क किया। उक्त नौकर को पुलिसकर्मी ने 500 रुपये दिए। नौकर के रुपये लेते ही इशारा पाकर पुलिस टीम अंदर पहुंच गई। टीम में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहीं। डीएसपी ने बताया कि होटल में बने दो कमरों की तलाशी ली गई तो दो जोड़े आपत्तिजनक हालत में मिले। उन चारों सहित होटल के नौकर को भी पुलिस ने काबू कर लिया और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी रामसिंह ने बताया कि जल्द ही होटल संचालिका को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सिर पर हाथ रखना बना रखा था कोडवर्ड
पुलिस सूत्रों के अनुसार होटल में वेश्यावृत्ति के लिए कोडवर्ड भी बनाया हुआ था। रुपये देने के वाले ग्राहक को अपने सिर पर भी हाथ रखना होता था और उसके बाद ही उसे अंदर भेजा जाता था। डमी ग्राहक बनाकर भेजे गए पुलिसकर्मी ने 500 रुपये देने के बाद ऐसा ही किया और नौकर ने उसे अंदर जाने का इशारा कर दिया।
चंपापुरी निवासी दो युवकों समेत उत्तराखंड निवासी नौकर को किया गिरफ्तार
दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को होटल के दो कमरों में युवती, महिला समेत दो युवक मिले। दोनों युवक शहर के चंपापुरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। एक की पहचान राकेश तो दूसरे की पहचान अजय के रूप में हुई। वहीं, होटल में नौकरी करने वाले एवं वेश्यावृत्ति में संलिप्त युवक सुमित उत्तराखंड के पौड़ी जिले के गांव सिवान का रहने वाला है। उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
नौकर से बरामद किया 500 का नोट
डीएसपी रामसिंह ने बताया कि होटल में नौकरी करने वाले आरोपी सुमित की जेब से नंबर लिखा 500 का नोट भी बरामद किया है। डमी ग्राहक बनाकर भेजे गए पुलिसकर्मी को रेड करने पहुंची टीम ने यह नोट दिया था। वहीं, सूत्रों के अनुसार होटल संचालिका ने शहर में स्पा सेंटर भी खोला था, जिसे बाद में बंद करके यह होटल खोला था। होटल संचालिका का पति से तलाक हो चुका है और वह त्रिपुरा पुलिस में तैनात है।
जिले में पकड़ा गया देह व्यापार का पहला रैकेट
चरखी दादरी जिले में पहली बार देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस के अनुसार जिले में इससे पहले होटल में युवतियां लाकर वेश्यावृत्ति कराने का कोई मामला सामने नहीं आया। सूत्रों के अनुसार महिला ने कुछ माह पहले ही यह होटल लिया था।
युवती और महिला समेत पांच लोगों को होटल से गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ अनैतिक देह व्यापार करने संबंधी केस दर्ज किया गया है। होटल संचालिका महिला है। जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रामसिंह, डीएसपी