सेक्टर-7 स्थित माया ज्वेलर्स में काम करने वाला नौकर शोरूम से लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गया। उसे गहने को पॉलिश करवाने के लिए भेजा गया था, लेकिन वह रास्ते से ही फुर्र हो गया। शोरूम की कर्मचारी प्रीती सचदेव ने एसएसपी विंडो पर इसकी शिकायत दी और वहां से सेक्टर-26 थाने में फाइल ट्रांसफर होने के बाद पुलिस ने नौकर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, प्रीती सचदेव ने पुलिस को बताया कि नौकर सुनील शर्मा इस शोरूम में दो साल से काम करता था और मनीमाजरा में किराए के मकान में अकेला ही रहता था। उसे अक्सर गहनों की सफाई के लिए भेजा जाता था।
उसे 21 मार्च को भी सोने और हीरों के गहने पॉलिश करवाने के लिए भेजा गया, जिसकी कीमत 10 लाख 90 हजार 967 रुपये थी। काफी देर बाद भी जब वह शोरूम पर नहीं लौटा तो तलाश शुरू की गई, लेकिन कुछ अता-पता नहीं चला। उसे जहां गहनों की सफाई कराने के लिए भेजा गया था, वहां तक वह पहुंचा ही नहीं। इसके अलावा उसके कमरे पर भी ताला लटका था।
वारदात को दस दिन बीते, फिर भी कर्मी चुप:
यह वारदात 21 मार्च को हुई और इसी दिन एसएसपी विंडो पर शिकायत भी दी गई। अब केस भी दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद शोरूम के कर्मचारियों ने इस मसले पर बातचीत से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि शॉप ऑनर ही इस मसले पर कुछ कह सकते हैं और वे शहर से बाहर हैं। पुलिस भी दुकान मालिक के आने का इंतजार कर रही है।