पटियाला हिंसा के बाद मंदिर के मुख्य गेट के बाहर बैरीकेड लगाकर पुलिस को तैनात किया गया है। इसके साथ ही मंदिर को जाने वाले सारे रास्तों पर भी पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात है। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बावजूद मंदिर की दीवार पर अलगाववादी पोस्टर लगाने को एक बड़ी साजिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह पांच बजे तक मंदिर के सुरक्षा मुलाजिम मौजूद थे, उस समय तक मंदिर की किसी भी दीवार पर यह पोस्टर नहीं था। इस संबंध में सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। शिवसेना नेता हरीश सिंगला ने इस घटना का विरोध करते हुए कहा है कि यह पंजाब का माहौल खराब करने की साजिश है।
मंदिर परिसर में भारी सुरक्षा प्रबंध होने के बावजूद पुलिस घटना को रोकने में नाकाम रही है। सिंगला ने कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि पटियाला में 29 अप्रैल को सोची समझी साजिश के तहत श्री काली माता मंदिर को निशाना बनाया गया था और इसके चलते ही पटियाला में बड़ा विवाद खड़ा हुआ था।