जंगलात इलाकों में जली व कटी लाश किसके हैं और यहां कैसे पहुंच रहे हैं, इसका राज आज भी बरकरार है। पुलिस हर मामले में जांच करने की बात तो कर रही है, मगर आज तक इन लाशों के राज से परदा नहीं हटा है। इस तरह के सात मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से केवल दो ही लोगों की शिनाख्त हुई है, बाकी मामले आज भी रहस्य ही बने हुए हैं।
इलाके में जबरदस्त सनसनी
एक बार फिर शनिवार को इलाके में जली हुई लाश मिलने का मामला सामने आया है। इसके बाद से इलाके में जबरदस्त सनसनी का माहौल है। यहां बीहटा और वजीदपुर गांव के पास पड़ने वाले जंगलात में एक जला हुआ शव मिला है।
इसकी भी शिनाख्त अभी तक नहीं हुई है। जबकि शव के एक हाथ में घड़ी है और दूसरे में चूड़ियां। पुलिस का कहना है कि अभी इस मामले में जांच चल रही है। यही मुलाना और साहा कस्बा के आसपास बहुत से गांव व जंगलात इलाका ऐसा हैं, जो मुख्यमार्गों से जुड़ा हुआ है और सुनसान रहता है। इसलिए कई बार ऐसे मामले हुए हैं जब कहीं और व्यक्ति को मारकर यहां शव फेंक दिए जाते हैं। कुछ मामले ऐसे हैं, जिन्होंने यहां लोगों में दहशत फैला रखी है।
कई ऐसे शवों का रहस्य बरकरार
पिछले साल यहां गांव संभालखा के पास एक जींस पहनी लड़की का जला हुआ शव मिला था। आज तक नहीं मालूम हो सका ये शव किसका है। उसके बाद होली गांव के पास जला हुआ एक व्यक्ति मिला। इस शव की शिनाख्त एक ट्रक चालक के के रूप में हो गई थी।
इसी तरह कालपी के एक जला हुआ शव मिला। आज तक यह मालूम नहीं चला कि ये शव किसका है। इसी तरह सनसनी तो उस वक्त मच गई जब गांव अलियासपुर के एक गोबर रखने वाले गुहारे में आग लग गई। फायर ब्रिगेड बुलवाई गई। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती गुहारा पूरी तरह जल चुका था। राख ठंडी होने पर उसमें से जले हुए दो शवों की अस्थियां मिली। जांच में मालूम हुआ कि ये शव युवक व युवती है, जिसे मारकर गुहारे में रखकर जला दिया गया। लेकिन ये युवक व युवती कौन है इसका राज आज तक बरकरार है।
एक शव का सर नहीं तो दूसरे का आधा हिस्सा गायब
उसके बार धनौरा गांव के पास एक सिरकटी लाश मिली। इसकी जांच हुई तो खुलासा हुआ कि ये एक युवक की लाश थी, जिसका सिर तांत्रिक क्रिया के लिए कलम कर मुस्तफाबाद में सरस्वती नदी के पास दबा दिया गया था। अब बीहटा-वजीदपुर गांव के पास शनिवार को फिर एक लाश मिली है। मगर ये भी मालूम नहीं किसकी लाश है। इसी तरह कुछ माह पूर्व अंबाला कैंट में जीआरपी थाने के पास आरपीएफ के जर्जर क्वार्टरों में भी एक लाश मिली थी, जिसका कमर के नीचे का हिस्सा तो था, मगर ऊपर का गायब था। इस लाश का रहस्य भी आज तक बरकरार है। आशंका थी कि इस लाश को भी ऊपर से जलाया गया था।
जांच जारी लेकिन शवों की शिनाख्त नहीं
उधर, साहा पुलिस का कहना है कि अभी विगत दिवस मिली लाश के मामले में भी जांच की जा रही है, मगर इसकी शिनाख्त नहीं हुई है। लेकिन इस बात की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता कि कोई व्यक्ति किसी दूसरे शहर में व्यक्ति को मारकर यहां लाते हैं और यहां उसके शव को जलाकर भाग जाते हैं।