नशे में धुत्त होकर मनीमाजरा के शास्त्री नगर में मां को पीटने के आरोपी एजी पंजाब के सीनियर ऑडिटर अरविंद्र राणा को आईटी पार्क थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
मनीमाजरा स्थित शास्त्री नगर निवासी केवल रानी की शिकायत पर पुलिस ने उनके बेटे अरविंद्र राणा के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। आरोपी को वीरवार को जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी एजी पंजाब के सीनियर ऑडिटर को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मनीमाजरा स्थित शास्त्री नगर निवासी केवल रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे अरविंद्र राणा की शादी मोना के साथ हुई थी, लेकिन बेटे के अन्य महिला से संबंध हैं। वह उसी महिला के साथ रहता है। वह बहू मोना के साथ घर में रहती है।
विज्ञापन
बुधवार को उसका बेटा अरविंद्र राणा शराब के नशे में धुत होकर घर आया और दरवाजा तोड़ने लगा। जब उसने विरोध किया तो बेटे ने उस पर डंडे से हमला कर दिया और मारने के लिए दरात निकाल लाया। बहू मोना ने शोर मचाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब के नशे में धुत्त बेटे अरविंद्र राणा को गिरफ्तार कर लिया। आईटी पार्क थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया मां केवल रानी की शिकायत पर बेटे अरविंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।