हरियाणा के कैथल जिले के पाडला में कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के चौकीदार की डंडों से पीट-पीटकर मंगलवार की रात हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना ग्रामीणों ने सुबह पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर सदर थाना एसएचओ रोहताश सिंह पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया।
मृतक रामशरण पूंडरी क्षेत्र के गांव करोड़ा का रहने वाला था। दामाद सुशील ने बताया कि उसके पास रोजाना व्यक्ति आते- जाते रहते थे। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि करोड़ा निवासी मृतक रामशरण पिछले 10 सालों से पाडला के कन्या स्कूल में चौकीदार था। वह रात को स्कूल में ही सोता था।
मंगलवार की शाम को भी वह स्कूल में ही सो रहा था। जब सुबह चाय देने ग्रामीण पहुंचे तो कमरे में चारपाई के नीचे लहुलुहान अवस्था में चौकीदार का शव पड़ा था। इसके बाद ग्रामीण स्कूल में एकत्रित हो गए। सदर थाना एसएचओ रोहताश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल लाया गया है। पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।