पंजाब के पटियाला के एक स्कूल में प्रिंसिपल के पति ने नर्सरी क्लास की दो छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें की। आरोपी ने बच्चियों के साथ मारपीट की और उन्हें इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकियां भी दीं। एक पीड़ित बच्ची के पिता के बयान पर थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
आरोपी पीडब्लयूडी महकमे से एस्टेट ऑफिसर के पद से रिटायर हुआ है और 62 साल का है। जांच अधिकारी एएसआई पूरन सिंह ने बताया कि पांच साल की एक पीड़ित बच्ची के पिता ने पुलिस के पास शिकायत दी थी कि उसकी लड़की और उसके दोस्त की पांच साल की बच्ची दोनों ही एक निजी स्कूल में नर्सरी क्लास में पढ़ती हैं।
30 सितंबर को जब स्कूल में खाने का समय हुआ, तो स्कूल प्रिंसिपल का पति अमरजीत सिंह बहाने से दोनों बच्चियों को स्कूल की ऊपरी मंजिल में एक कमरे में ले गया। वहां ले जाकर आरोपी ने बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें कीं। बच्चियों के रोने पर उनके साथ मारपीट की और साथ ही इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकियां दीं। पीड़ित पिता के मुताबिक जब बच्ची घर आई, तो काफी सहमी थी। काफी पूछने पर उसने सारी बात बताई। पुलिस ने आरोपी अमरजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।