पुलिस रामपाल और उसके अनुयायियों की गतिविधियों पर पूरी नजर रखे हुए है। रामपाल के संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति को पुलिस संदेह की नजर से देख रही है। शनिवार को जेल में रामपाल के दर्शन करने पहुंचे रामपाल के चार अनुयायियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में एक महिला भी है।
जेल के पुलिस सूत्रों ने बताया है कि शनिवार को करीब दस बजे एक महिला और तीन लोग रामपाल से मिलने के लिए जेल पहुंचे। जब मिलने वाले लोगों ने कहा कि वे रामपाल से मिलने के लिए आए हैं तो पूरे पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। मामले की सूचना पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंची।
पुलिस के खुफिया तंत्र सहित पूरा अमला सेंट्रल जेल पहुंच गया। पुलिस ने पहले उनसे बातचीत की। बातचीत के दौरान पुलिस को उन लोगों से अहम सुराग मिलने का अंदेशा लगा। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।