समझौता ब्लास्ट मामले में शुक्रवार को एनआईए की विशेष अदालत दो गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इस मामले में मुख्य आरोपी असीमानंद सहित चार आरोपियों को जस्टिस आरके सोंधी के समक्ष पेश किया गया।
अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 16 और 17 जनवरी की तारीख तय की है। इस मामले में आरोपी कमल चौहान की जमानत याचिका पर भी सुनवाई 16 जनवरी को होगी।
ब्लास्ट के दिन पानीपत पुलिस में तैनात एएसआई सुरेश कुमार और हादसे में मारे गए 67 यात्रियों के फोटोग्राफ कैमरे में कैद करने वाले फोटोग्राफर सुरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को इस मामले में गवाही दी। एएसआई सुरेश कुमार ने पिछली गवाही के दौरान जिस ब्रीफकेस और केमिकल की 13 बोतलों का जिक्र किया था, उनकी पहचान करवाई गई, जिन्हें पहचान करने के बाद इसकी पुष्टि भी कर दी गई।
दूसरे गवाह सुरेंद्र कुमार जिन्होंने घटना के बाद पानीपत के सामान्य अस्पताल में शवों की फोटो ली थी, उन फोटोग्राफ्स की भी शिनाख्त करवाई गई। इस मामले में जांच अधिकारी रहे पानीपत के तत्कालीन इंस्पेक्टर मौजूदा डीएसपी बलबीर यादव की गवाही शुक्रवार को नहीं हुई।
एनआईए के वकीलों की ओर से दलील दी गई कि अन्य गवाहों की गवाही के बाद ही जांच अधिकारी की गवाही होगी। एनआईए के वकील आरके हांडा ने कहा कि आरोपी कमल चौहान की जमानत अर्जी पर सुनवाई 16 जनवरी को होगी। अगली सुनवाई 16-17 जनवरी को होगी।