थाना सदर रायकोट के अंतर्गत मलेरकोटला रोड पर देर रात तीन नकाबपोश लुटेरों ने हथियारों के बल पर 35 हजार रुपये लूट लिए। सीसीटीवी फुटेज में एक लुटेरे के हाथ में पिस्तौल जैसी चीज साफ दिखाई दे रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लूट तेजधार हथियार के बल पर की गई है।
अहमदगढ़ टी प्वाइंट पर स्थित पेट्रोल पंप पर लुटेरों ने चंद मिनट में लूट को अंजाम दे दिया। पेट्रोल पंप के मैनेजर घनश्याम ने पुलिस को बताया कि गांव भैणी बडिंगां की तरफ से बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों में दो उतरकर पंप के दफ्तर की तरफ जाने लगे। एक लुटेरा तेल वाली मशीन के पास रुक गया और दूसरे ने हथियार लगाकर मुझे दफ्तर में खींच लिया। लुटेरे ने दफ्तर में रखे 35 हजार रुपये छीने और तीनों रायकोट की तरफ फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी रायकोट रछपाल सिंह ढींडसा, थाना सदर प्रभारी हरदीप सिंह और चौकी लोहटबद्दी प्रभारी सुखविंदर सिंह देओल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में दो लुटेरों का चेहरा साफ दिख रहा है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।