रात को काम खत्म कर घर लौट रहे व्यक्ति से ऑटो सवार तीन बदमाश उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मलोया थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को रात मलोया निवासी कालिम पैदल घर लौट रहा था। जैसे की वह डड्डूमाजरा की सड़क पर पहुंचा तो उसके पास एक ऑटो रुका। ऑटो में सवार तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने उसे धमकाकर जेब से पर्स निकाल लिया। पीड़ित ने बताया कि उसके पर्स में 1500 रुपये और जरूरी कागजात थे, जो बदमाश ले गए। जाने से पहले तीनों ने उसकी पिटाई की।
कालिम ने बताया कि सड़क पर अंधेरा होने के कारण वह थ्री व्हीलर का नंबर नोट नहीं कर पाया। लेकिन सामने आने पर आरोपियों को जरूर पहचान सकता है। बदमाशों के जाने के बाद कालिम ने किसी राहगीर के फोन से वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। पुलिस ने कालिम की शिकायत पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।