चंडीगढ़ में पता पूछने के बहाने महिला और उसके साथी व्यापारी पर हमला करके नगदी, सोने की अंगूठी, चेन, पर्स और मोबाइल छीन कर भाग गए। पुलिस ने मामले में सिर्फ डीडीआर दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नही लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को सेक्टर 32 निवासी मुकेश कुमार (24)की मोहाली फेज 1 में टेंट हाउस की दुकान है। वह सेक्टर 38 से किसी से पेमेंट ले कर लौट रहा था। मुकेश के अनुसार वे पैसे लेने के बाद सेक्टर 38 की मार्केट में किसी काम से गया। वापस आ कर जैसे ही वह गाड़ी में बैठने लगा उसके पास एक महिला आई और उसने पता पूछा।
अभी मुकेश महिला से बात ही कर रहा था कि पीछे से उस के सिर पर वार हुआ। जैसे ही पीछे मुड़ा उस पर तीन चार युवक डंडों से टूट पड़े। जिसके बाद वे बेहोश हो कर वहीं गिर पड़ा। मार्केट वालों ने 100 नंबर पर फोन किया।
पीसीआर मौके पर पहुंची और घायल को जीएमएसएच-16 ले कर गई। वहां पर जब मुकेश को होश आया तो उसका मोबाइल, पर्स, सोने की चेन और अंगूठी गायब थी। उसने 65 हजार रुपये सेक्टर 38 से जो पेमेंट ली थी वह भी गायब थी।
वहीं इलाके में इतनी बड़ी वारदात का थाने के एसएचओ को पता ही नहीं है। सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन के कार्यकारी एसएचओ रंजीत सिंह का कहना था कि ये मामला हमारे थाने में नही है। वहीं पीड़ित के परिजनों का कहना है कि वे थाने में शिकायत दे कर आए हैं और अभी पुलिस ने सिर्फ डीडीआर दर्ज की है।