चंडीगढ़ में सेक्टर-40 के मकान नंबर 583 से 36 लाख रुपयों पर चोर हाथ साफ कर गए। चोर घर से सिर्फ नगदी ले गए और किसी सामान को हाथ तक नहीं लगाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-40 'ए' निवासी अमनदीप सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार दिन में वह घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान किसी ने घर का लॉक तोड़कर 36 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित को चोरी का पता शाम को घर आने के बाद चला, पीड़ित ने 100 नंबर पर फोन कर चोरी की सूचना दी।
सेक्टर-39 पुलिस स्टेशन ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि जिस तरह घर से सिर्फ नगदी ही चोरी हुई है, इससे लगता है कि किसी जानकार ने ही चोरी की होगी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।